पत्नी से झगड़े के बाद युवक ने लगाई फांसी:कोडरमा के युवक को ससुराल वाले दे रहे थे धमकी, मेला देखने गया था पूरा परिवार

कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र के करौंजिया गांव में शुक्रवार की देर रात एक 24 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। इस घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। मां मेले से लौटी तो कमरे में मिला शव मृतक की मां ने बताया कि शुक्रवार शाम उनका बड़ा बेटा और बहू बरही स्थित अपने ससुराल मेले में गए थे। वह खुद भी पड़ोस की महिलाओं के साथ पास के गांव मेले में शामिल हुई थीं। उन्होंने छोटे बेटे सूरज को भी साथ चलने को कहा था, लेकिन उसने घर पर रुककर चाऊमीन बनाने और घर की देखभाल करने की बात कही। देर रात जब मां लौटीं तो सूरज ने दरवाजा नहीं खोला। खिड़की से झांकने पर देखा कि वह कमरे के अंदर पंखे से साड़ी के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। पत्नी से विवाद के बाद उठाया कदम परिजनों के अनुसार सूरज का विवाह दो साल पहले जयनगर थाना क्षेत्र के डहुआटोल गांव निवासी खुशबू से हुआ था। उनकी एक बेटी भी है। कुछ महीने पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जो महिला थाना तक पहुंचा। आरोप है कि वहां सूरज को पत्नी के मायके वालों और थाने के लोगों ने प्रताड़ित किया। इसके बाद पत्नी मायके चली गई। इससे सूरज गहरे तनाव में रहने लगा। इसी बीच उसके ससुराल वालों द्वारा लगातार धमकियां दी जाने लगीं कि उसका जीवन बर्बाद कर देंगे। आशंका है कि इन सब बातों से आहत होकर ही सूरज ने यह कदम उठाया। पुलिस कर रही मामले की जांच घटना की जानकारी मिलते ही चंदवारा पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक की आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सूरज की मौत से उसके परिवार में मातम का माहौल है। मां और परिजन रो-रोकर बेसुध हैं। वहीं गांव के लोग भी घटना से गमगीन हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *