राजनांदगांव| एमएमसी जिले के गोटाटोला इलाके में 35 वर्षीय युवक की टंगिया से वार कर हत्या कर दी गई। आरोपी ने अपनी पत्नी से प्रेम संबंध के संदेह में युवक को मौत के घाट उतारा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। घटना शनिवार रात करीब 11 बजे की है। पुलिस ने बताया कि आरोपी गंगाराम कोमरे (39) ने गांव में रहने वाले सुदर्शन कोमरे (35) पर टंगिया से ताबड़तोड़ वार कर दिया। घटना में सुदर्शन गंभीर रुप से घायल हो गया, जिसे परिजन दल्ली राजहरा के एक निजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही सुदर्शन ने दम तोड़ दिया। इधर मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी गंगाराम को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पत्नी से प्रेम संबंध के संदेह में वारदात को अंजाम देने की जानकारी दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


