पत्नी से विवाद के चलते रैकी कर हत्या, आरोपी गिरफ्तार:पत्नी की मौसी के पोते के सीने पर किए कई वार, हार्ट पर लगने से हुई मौत

कोटा बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए सनसनीखेज मामले में युवक दीपक कुशवाह की हत्या के आरोपी चंद्रप्रकाश कुशवाह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पत्नी रेखारानी से विवाद के चलते पिछले एक साल से शक में जी रहा था। उसे पत्नी पर संदेह था कि दीपक से उसके अवैध संबंध हैं। दीपक, रेखारानी की मौसी का पोता था और अक्सर घर आता-जाता था। सीआई देवेश भारद्वाज ने बताया कि आरोपी चंद्रप्रकाश ने काफी दिनों से रैकी करवाई थी। शनिवार सुबह वह गांव से चाकू लेकर अचानक कोटा ससुराल पहुंचा। मौका पाते ही दीपक पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना में पत्नी रेखारानी और उसकी मां रूकमणी देवी भी घायल हुईं। आरोपी के साथ उसका चचेरा भाई भी मौजूद था, जिससे पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार रेखारानी के पिता की संपत्ति का हाल ही में बंटवारा हुआ था और कुछ जमीन बेची गई थी। चंद्रप्रकाश नहीं चाहता था कि ससुराल पक्ष के रुपए किसी अन्य को मिले। यह विवाद भी हत्या की वजह बना। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसकी शादी को नौ साल हो चुके हैं और पिछले एक साल से रिश्ते बिगड़े हुए थे। जब भी वह कोटा आता, पत्नी दरवाजा तक नहीं खोलती थी। इसी नाराजगी और शक ने हत्या की वारदात को जन्म दिया। जिसके बाद आरोपी फरार हो गया था। घटना का खुलासा प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी दिलीप सैनी व लोकेन्द्र पालीवाल DSP के सुपरविजन मे देवेश भारद्वाज थानाधिकारी बोरखेडा के नेतृत्व मे विशेष टीम का गठन किया गया। जिसमे हेड कांस्टेबल जयदीप सिंह और कांस्टेबल मनीष की विशेष भूमिका रही जिन्होंने घटना स्थल पर मिले साक्ष्यो व घटना की सुचना पर पुलिस की तत्परता व सक्रियता के फलस्वरुप हत्या के अभियुक्त चन्द्रप्रकाश कुशवाह (27) पुत्र द्वारकालाल निवासी ठाकुरजी के चबुतरे के पास ग्राम झोपड़ियां नागदा थाना अन्ता जिला बांरा को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया है। आज कोर्ट में आरोपी चंद्रप्रकाश को पेश करेगी बोरखेड़ा थाना पुलिस।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *