भास्कर न्यूज | राजनांदगांव दिग्विजय कॉलेज के पत्रकारिता विभाग में दिग्विजय संचार स्टूडियो और यू ट्यूब चैनल का शुभारंभ किया गया। चैनल और स्टूडियो का उद्देश्य विद्यार्थियों को एक मंच प्रदान करना है जहां वे रचनात्मकता और कौशल को प्रदर्शित कर सकें। पत्रकारिता के छात्र इस प्लेटफॉर्म का उपयोग कर अपने ज्ञान और अनुभव को बढ़ा सकें अपने करियर के लिए तैयार हो। स्टूडियो और चैनल से विद्यार्थी समाचार और सामयिक मुद्दों पर कार्यक्रम तैयार करेंगे। इससे उन्हें आधुनिक पत्रकारिता का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा और डिजिटल मीडिया में कौशल निखरेगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. सुचित्रा गुप्ता, विशेष अतिथि पत्रकारिता विभाग विभागाध्यक्ष डॉ. बीएन जागृत और कॉलेज के रजिस्ट्रार दीपक परगनिया रहे। प्राचार्य डॉ. सुचित्रा गुप्ता ने कहा कि पत्रकारिता विभाग ने यूनिवर्सिटी स्तर में टॉपर देकर प्रदेश के सबसे बड़े ऑटोनॉमस दिग्विजय कॉलेज का एक बार फिर से नाम रोशन कर दिया है। आज इस डिजिटल युग में, यू ट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म ने हमारे जीवन को बहुत प्रभावित किया है। कार्यक्रम का संचालन भागवत वर्मा, आभार व्यक्त अतिथि प्राध्यापक अमितेश सोनकर ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विभाग के प्राध्यापक रेशमी साहू, विभा सिंह, पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों की अहम भूमिका रही। ‘समाज के सामने सच लाना पत्रकार की जिम्मेदारी’ डॉ. गुप्ता ने कहा यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम है जिससे हम अपने विचारों और रचनात्मकता को दुनिया के साथ साझा कर सकते हैं। पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। समाज के सामने सच लाना पत्रकार का पहला धर्म और जिम्मेदारी होती है। उन्होंने छात्रों के द्वारा तैयार किए गए यू ट्यूब चैनल दिग्विजय संचार की सराहना करते हुए स्क्रिप्ट और विडियो एडिटिंग को उत्कृष्ट बताया। पत्रकारिता के प्रोफेशन में जाने वाले विद्यार्थियों के लिए अभ्यास करने यह पहली सीढ़ी होगी। विद्यार्थी विभिन्न विषयों में अपनी न्यूज तैयार कर पाएंगे। इसके साथ ही सूचनाओं का बेहतर ज्ञान होगा, नए एंगल भी निकाल पाएंगे। मोहला-मानपुर जैसे क्षेत्र से भी यहां छात्र आ रहे हैं रजिस्ट्रार दीपक परगनिया ने कहा पहले पत्रकारिता को लेकर जागरूकता कम थी। लेकिन आज स्थिति बदल गई है। दूरस्थ क्षेत्रों से छात्र इस कोर्स में प्रवेश के लिए उत्साहित है। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित मोहला-मानपुर जैसे क्षेत्रों से भी दिग्विजय कॉलेज में पत्रकारिता की पढ़ाई करने और प्रवेश लेने विद्यार्थी पहुंचते है। पत्रकारिता विभाग में दिग्विजय संचार स्टूडियो और यू ट्यूब चैनल का शुभारंभ होने से विद्यार्थियों को मदद मिलेगी। अब वह किताबी ज्ञान के साथ प्रयोगिक ढंग से पत्रकारिता करेंगे। कॅरियर बनाने में लाभ मिलेगा। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में रोजगार के मौके बनेंगे।


