मध्यप्रदेश की प्रसिद्ध बैगा कलाकर और पद्मश्री से सम्मानित जोधइया अम्मा को सोमवार को नम आंखों से विदाई दी गई। अम्मा का अंतिम संस्कार उनके ग्रह ग्राम उमरिया जिले के लोढ़ा में पोते अमर ने किया। रविवार शाम को लंबी बीमारी के बाद अम्मा को निधन हो गया था। सोमवार को जिले के कलेक्टर घरणेन्द्र कुमार जैन और एसपी निवेदिता नायडू ने अम्मा के घर पहुंच कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अम्मा की अर्थी को कांधा देकर अंतिम विदाई दी। जिले के कई अधिकारियों ने भी अम्मा के घर पहुंच कर अम्मा को पुष्प अर्पित किए। पूर्व सांसद ज्ञान सिंह भी अम्मा के घर पहुंचे और अंतिम यात्रा में शामिल हुए। देखिए अंतिम विदाई की 4 तस्वीरें- विदेशों में भी मशहूर अम्मा की पेंटिंग
जोधइया अम्मा की पेंटिंग विदेशों में भी खासी पसंद की जाती है। इसी कला की बदौलत उन्हें 8 मार्च, 2022 को तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने नारी शक्ति सम्मान और 22 मार्च, 2023 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्मश्री से सम्मानित किया था। अम्मा के दो बेटे थे। बड़े बेटे की मौत अगस्त 2023 और छोटे बेटे की मौत अगस्त 2024 में हो चुकी है। परिवार में दो बहुएं, दो पोते और तीन पोतियां है। एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। प्रसिद्धि के पीछे अम्मा का लंबा संघर्ष
अम्मा की प्रसिद्धि के पीछे लंबा संघर्ष था। पति की मौत बाद अम्मा ने बच्चों के लालन-पालन के लिए मजदूरी की, फिर जनजातीय कला की बारीकियां सीखकर यह मुकाम हासिल किया। पढ़िए जोधइया अम्मा के संघर्ष की कहानी… 14 साल की उम्र में हो गई थी शादी
जोधइया अम्मा की शादी करीब 14 साल की उम्र में ही हो गई थी। कुछ सालों बाद उनके पति की मौत हो गई। उस समय अम्मा गर्भवती थीं। दो बेटों के पालन पोषण की जिम्मेदारी उन पर आ गई। इसके लिए वो मजदूरी करने लगीं। कुछ महीने बाद उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया। उन्होंने पत्थर भी तोड़े। जो काम मिलता उसे कर बच्चों का पालन करने लगी। करीब 15 साल पहले वे आशीष स्वामी से मिली थी। उन्होंने कहा था कि कब तक आप पत्थर तोड़ेंगी, मजदूरी करेंगी। उनके कहने पर 2008 में चित्रकारी शुरू की थी। 2008 में शुरू की थी बैगा चित्रकारी
जोधइया अम्मा का चित्रकारी का सफर 2008 में जनगण तस्वीर खाना से शुरू हुआ। अम्मा यहां चित्र बनाने लगीं थी। उनकी बनाई गई पेटिंग राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित होने लगी। वे शांति निकेतन विश्व भारती विश्वविद्यालय, नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, आदिरंग के कार्यक्रमों में शामिल हुईं। जनजातीय कला के लिए उन्हें कई मंचाें से सम्मानित किया गया। भोपाल में स्थित मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय में जोधइया बाई के नाम से एक स्थायी दीवार बनी है। इस पर उनके बनाए हुए चित्र लगे हैं। अम्मा की पेंटिंग में पर्यावरण की प्रधानता
जोधइया बाई की पेंटिंग के विषय भारतीय पंरपरा में देवलोक की परिकल्पना, भगवान शिव और बाघ पर आधारित पेंटिंग प्रमुख हैं। इसमें पर्यावरण संरक्षण और वन्य जीव के महत्व को दिखाया है। बैगा जनजाति की संस्कृति पर बनाई उनकी पेंटिंग विदेशियों को खूब पसंद आती है। बैगा जनजाति की परंपरा पर बनाई उनकी पेंटिंग इटली, फ्रांस, इंग्लैंड, अमेरिका और जापान जैसे देशों में लग चुकी है। 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उमरिया में विंध्य मैकल उत्सव में उन्हें सम्मानित किया था। सीएम जोधइया बाई से मिलने उनके कर्मस्थली लोढ़ा भी गए थे। नारी शक्ति सम्मान भी मिला था
जोधइया अम्मा को तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 2022 में नारी शक्ति सम्मान दिया था। जोधइया अम्मा ने तब बताया था कि आशीष स्वामी मेरे गुरु हैं। उन्होंने मुझे चित्रकारी सिखाई है। मैं बहुत गरीब परिस्थिति में थी। मजदूरी गारा का काम करती थी। आशीष स्वामी ने मुझे चित्रकारी सिखाई। पहले मिट्टी, फिर कागज, लकड़ी, लौकी और तुरई पर मैंने पेंटिंग की। यह सम्मान में अपने गुरु को समर्पित करती हूं। सीएम बोले- हमने बड़ा कलाकार खो दिया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जोधइया अम्मा के निधन पर शोक जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- मध्यप्रदेश ने ऐसी कलाकार को खो दिया, जिन्होंने पूरा जीवन जनजातीय संस्कृति, कला व परंपराओं पर आधारित चित्रकला को देश-विदेश में एक पहचान दिलाई। मंत्री विजय शाह ने जताया दुख
जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने भी जोधइया बाई के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा- जोधइया बाई का जीवन संघर्ष, प्रतिभा और समर्पण की मिसाल है। शिक्षा से वंचित होते हुए भी उन्होंने अपने अद्भुत हुनर से बैगा जनजाति की चित्रकला को देश और दुनिया में एक नई पहचान दिलाई। कला जगत में उनका योगदान अद्वितीय था। उन्होंने जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी जताया दुख


