पन्ना टाइगर रिजर्व में दिखा कन्हैया बाघ:पर्यटक ने बनाया वीडियो, कहा- यह दृश्य सफारी से भी ज्यादा यादगार बन गया

पन्ना टाइगर रिजर्व (PTR) के मडला, हिनौता और अकोला गेट 1 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए खुलते ही पहले ही दिन शानदार उत्साह देखने को मिला। इसी बीच 2 अक्टूबर को पार्क के प्रसिद्ध बाघ ‘कन्हैया’ का एक वीडियो सामने आया। जिसमें वह नॉन-टूरिज्म क्षेत्र में सड़क किनारे घूमता नजर आ रहा है। यह रोमांचक घटना मनौर-हिनौता रोड के कैमासन-दरेरा के बीच की है। स्थानीय पर्यटक शिवम शिवहरे ने यह वीडियो बनाया है। शिवहरे ने बताया कि वे हिनौता गेट से सफारी के बाद निराश थे क्योंकि उन्हें रिजर्व के अंदर बाघ नहीं दिखा था। उन्होंने बताया, “वापसी के दौरान अचानक सड़क किनारे कन्हैया को देखकर हम और अन्य पर्यटक रोमांचित हो उठे। वह मदमस्त चाल में जंगल की ओर जा रहा था, उसने हमें देखा, थोड़ा रुका, और फिर जंगल में चला गया। यह दृश्य सफारी से भी ज्यादा यादगार बन गया।” पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक नरेश कुमार यादव ने वायरल वीडियो की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि हिनौता गेट से लौट रहे कुछ पर्यटकों को सड़क किनारे बाघ कन्हैया दिखाई दिया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 2 अक्टूबर को मडला गेट के पीपर टोला में बाघिन पी-141 का शावक भी अटखेलियां करते हुए देखा गया, जिसने पर्यटकों का दिन बना दिया। पर्यटन को मिलेगी नई गति पन्ना टाइगर रिजर्व देश और दुनिया में अपनी सफल बाघ संरक्षण कहानी और बढ़ती हुई बाघों की संख्या के लिए विख्यात है। पार्क खुलने के साथ ही बाघों के इस तरह के दीदार ने संकेत दिया है कि इस पर्यटन सत्र में यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होने की संभावना है। बाघ ‘कन्हैया’ और शावक के ये दृश्य निश्चित रूप से देशभर के वन्यजीव प्रेमियों को पन्ना की ओर आकर्षित करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *