पन्ना टाइगर रिजर्व की झिंना बीट में एक 48 वर्षीय अधेड़ पर रीछ ने हमला कर दिया। यह घटना तब हुई जब व्यक्ति गांव के बाहर शौच के लिए गया था। उसने अपनी सूझबूझ और हिम्मत से पानी की बोतल का इस्तेमाल कर और जोर से चीखकर अपनी जान बचाई। पीड़ित की पहचान भापतपुर कुर्मियान निवासी इमरत अहिरवार पुत्र सरमन अहिरवार के रूप में हुई है। रविवार को हुई इस घटना में रीछ के अचानक हमले से इमरत के शरीर पर कई चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजयगढ़ में एडमिट कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जंगल की ओर भाग निकला रीछ इमरत अहिरवार ने बताया कि रीछ के हमले के दौरान उन्होंने पास पड़ी पानी की बोतल से रीछ के मुंह पर वार किया और जोर से चीखना शुरू कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर रीछ घबरा गया और जंगल की ओर भाग निकला। इस बहादुरी भरे प्रतिरोध से उनकी जान बच गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव वाले मौके पर पहुंचे और घायल इमरत को अस्पताल ले गए। इस घटना के बाद से ग्रामीण दहशत में हैं और अपने घरों में रहने को मजबूर हैं। गौरतलब है कि पन्ना क्षेत्र में खूंखार वन्यजीवों का जंगलों से निकलकर रिहायशी इलाकों में आना लगातार जारी है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।


