पन्ना कलेक्टर ऊषा परमार ने सोमवार को आयोजित टीएल बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नियमों के उल्लंघन पर अब किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। अवैध कॉलोनियों, सड़क सुरक्षा और जनहित से जुड़े मामलों में तुरंत और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अवैध कॉलोनियों पर तुरंत कार्रवाई के आदेश कलेक्टर ने कहा कि बिना अनुमति और मूलभूत सुविधाओं के विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। ऐसे सभी मामलों की फाइलें तैयार कर जल्द से जल्द कार्रवाई के लिए प्रस्तुत करने को कहा गया। उन्होंने अधिकारियों से साफ शब्दों में कहा कि अब सिर्फ कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि जमीन पर कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए। बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं देने के निर्देश सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने निर्देश दिए कि पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। विकास और जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक में रूंझ और मझगांय बांध निर्माण में बाधा बने अतिक्रमणों को पुलिस बल की मदद से हटाने के निर्देश दिए गए। राशन वितरण में देरी पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने कहा कि हर माह की 20 तारीख तक सभी पात्र हितग्राहियों को अनाज मिल जाना चाहिए। अन्य महत्वपूर्ण निर्देश कलेक्टर ने जिला हीरा कार्यालय और निर्वाचन कार्यालय को नए भवनों में शिफ्ट करने के आदेश दिए। साथ ही ‘फार्मर आईडी’ बनाने के कार्य में तेजी लाने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए। कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराने और जेके सेम के सहयोग से न्यूट्री बास्केट वितरण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी कलेक्टर ऊषा परमार ने साफ कहा कि जनहित के कामों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और नियमों का उल्लंघन करने वाले भू-माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने और योजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।


