पन्ना में ई-रिक्शा ने महिला को टक्कर मारी:मेला देखने जा रही थीं, चालक रिक्शा छोड़ मौके से फरार

पन्ना में मेला देखने जा रही 58 वर्षीय वृद्ध महिला एक ई-रिक्शा की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। टक्कर मारने के बाद ई-रिक्शा चालक मौके पर रिक्शा छोड़कर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, हीरापुर निवासी कुसमा वर्मन (58 वर्ष) बृहस्पति कुंड मेला देखने जा रही थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। टक्कर के बाद ई-रिक्शा चालक ने घायल महिला की मदद करने के बजाय, अपना रिक्शा मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। वहां मौजूद लोगों ने चालक के इस कृत्य पर हैरानी जताई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मदद से घायल कुसमा वर्मन को तुरंत जिला अस्पताल पन्ना ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, महिला के शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी और बाहरी चोटें आई हैं, जिनमें सिर की चोट सबसे गंभीर है। महिला के परिजन अंकित ने बताया कि वे मेला घूमने आए थे, लेकिन ड्राइवर की लापरवाही से यह हादसा हो गया। उन्होंने कहा कि रिक्शा छोड़कर भागना चालक की गैर-जिम्मेदारी दर्शाता है। फिलहाल, पुलिस लावारिस ई-रिक्शा के आधार पर आरोपी चालक की तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *