पन्ना में कांग्रेस का दिनभर का उपवास:इंदौर घटना, पेयजल गुणवत्ता, मनरेगा का नाम बदलने का किया विरोध

पन्ना जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम आयोजित किया। पुरानी कचहरी के सामने हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस ने जनविरोधी नीतियों और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने इंदौर की भागीरथपुरा घटना, पेयजल की गिरती गुणवत्ता और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के कानूनी अधिकारों में कटौती जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार को घेरा। उपवास के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में आम जनता के संवैधानिक अधिकारों का हनन हो रहा है। कांग्रेसियों ने इंदौर की भागीरथपुरा घटना को कानून व्यवस्था और मानवीय संवेदनाओं के मोर्चे पर सरकार की विफलता बताया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनीस खान ने कहा कि महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के कानूनी अधिकारों को समाप्त करने की साजिश रची जा रही है, जिससे ग्रामीण रोजगार पर संकट मंडरा रहा है।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला प्रभारी राजभान सिंह और जिलाध्यक्ष अनीस खान के नेतृत्व में जिले भर के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। युवा कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव शादाफ खान, पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे, रामकिशोर मिश्रा और पूर्व जिलाध्यक्ष भास्कर देव बुंदेला सहित शिवजीत सिंह, मुरारी लाल थापक और मार्तंड देव बुंदेला ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनहित के इन मुद्दों पर जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए, तो आने वाले समय में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उपवास के अंत में सभी ने एकजुट होकर जनता की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ने का संकल्प लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *