पन्ना जिले के गुन्नौर थाना क्षेत्र में पति से मामूली विवाद के बाद तीन बच्चों की मां ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान महिला की जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान गुन्नौर निवासी राखी रैकवार (24) के रूप में हुई है। उनके पति लल्लू रैकवार ने बताया कि उनकी शादी करीब आठ साल पहले हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें छह वर्षीय रक्षा रैकवार, चार वर्षीय काव्या रैकवार और दो वर्षीय कृष्णा रैकवार शामिल हैं। बच्चों को घर पर अकेला छोड़ने को लेकर विवाद पति के अनुसार शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे पत्नी बच्चों को घर में अकेला छोड़कर खेत में चना की भाजी काटने गई थीं। दोपहर लगभग 3 बजे जब वह घर लौटीं तो बच्चों को अकेला छोड़ने को लेकर आपत्ति जताई, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के कुछ देर बाद पति अपने काम पर चले गए। बाद में बड़ी बेटी रक्षा ने उन्हें फोन कर बताया कि मां ने सिंघाड़ा वाली दवाई पी ली है और उनकी हालत बिगड़ रही है। सूचना मिलते ही पत्नी को गुन्नौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने पत्नी की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


