पन्ना जिले में एक अज्ञात ऑटो चालक ने अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और करीब एक घंटे तक सड़क पर बेहोश पड़े रहे। बाद में एक राहगीर ने उन्हें पन्ना जिला अस्पताल में भर्ती कराया और उनके परिजनों को सूचना दी। जानकारी के अनुसार, सतना जिले के सिंहपुर थाना अंतर्गत कुटकहा निवासी श्याम लाल चौधरी (45) और विनय वर्मा (35) सोमवार को जनकपुर जा रहे थे। वे अपने छोटे भाई के ससुर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए यात्रा कर रहे थे। लक्ष्मीपुर के पास एक अज्ञात ऑटो चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और घायलों को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे में श्याम चौधरी के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि विनय के पैर में चोट लगी है। दोनों घायलों का उपचार फिलहाल जिला अस्पताल पन्ना में जारी है। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। अज्ञात ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।


