पन्ना जिले की अजयगढ़ जनपद पंचायत के अंतर्गत धवारी बीट में मंगलवार, 16 दिसंबर को एक जंगली जानवर के हमले से एक वृद्ध किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। वन विभाग की तत्परता से घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बुधवार, 17 दिसंबर को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल पन्ना भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम धवारी निवासी 60 वर्षीय किसान बट्टू लाल विश्वकर्मा पुत्र हल्काई दोपहर के समय अपने खेत में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। जब बट्टू लाल देर शाम तक घर नहीं लौटे, तो चिंतित परिजनों ने खेत में जाकर उनकी तलाश की। वहां किसान घायल और बेहोशी की हालत में पड़े मिले। परिजनों ने तत्काल घटना की सूचना धवारी बीट गार्ड अनिल राजपूत को दी। सूचना मिलते ही बीट गार्ड अनिल राजपूत मौके पर पहुंचे और घायल किसान को अपने वाहन से अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में वाहन की तत्काल उपलब्धता न होने पर, निजी वाहन की व्यवस्था कर उन्हें पन्ना भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही अजयगढ़ रेंजर ने संज्ञान लिया और डिप्टी रेंजर मुकेश विश्वकर्मा को घायल की सहायता तथा इलाज की समुचित व्यवस्था के लिए जिला अस्पताल भेजा। फिलहाल घायल किसान का इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला करने वाला जंगली जानवर कौन सा था, लेकिन परिजनों ने भालू द्वारा हमला किए जाने की आशंका जताई है।


