जनपद पंचायत मऊगंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत पन्नी के सरपंच पद पर हुए उपचुनाव का परिणाम घोषित कर दिया गया है। महेंद्र मिश्रा ने यह चुनाव 322 मतों के अंतर से जीतकर सरपंच पद हासिल किया। इस जीत के साथ ही करीब सात महीने से रिक्त पड़ा पद भर गया। मऊगंज जिले की ग्राम पंचायत पन्नी में सरपंच पद के लिए कुल चार प्रत्याशी मैदान में थे। मतगणना के बाद महेंद्र मिश्रा को 855 वोट मिले, जिससे उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी रामश्रय मिश्रा को 322 वोटों से हराकर किया। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह देखा गया। सात महीने बाद भरा रिक्त सरपंच पद यह उपचुनाव ग्राम पंचायत पन्नी के पूर्व सरपंच स्वर्गीय रामदरश मिश्रा के आकस्मिक निधन के कारण रिक्त हुए पद को भरने के लिए कराया गया था। लगभग सात महीने बाद हुए इस उपचुनाव में मतदाताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। सोमवार, 29 दिसंबर को हुए मतदान में कुल 3269 मतदाताओं में से 1918 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 942 पुरुष और 976 महिला मतदाता शामिल थीं। खास बात यह रही कि मतदान में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। कुल मतदान प्रतिशत 59.67 दर्ज किया गया। सरपंच ने विकास को बताया प्राथमिकता जीत के बाद महेंद्र मिश्रा ने इसे जनता की जीत बताया और सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता रहेगी, जिसमें बुनियादी सुविधाओं जैसे सड़क, पानी, बिजली और अन्य विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उन्होंने सभी वर्गों को साथ लेकर गांव के विकास का भरोसा दिलाया।


