डीग के पपरेरा स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र में शनिवार को ग्रामीण उत्थान शिविर-2026 का आयोजन किया गया। यह शिविर राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक गिरदावरी वृत्त में आयोजित किए जा रहे हैं। पपरेरा में आयोजित इस शिविर में स्थानीय पैक्स व्यवस्थापकों ने किसानों और समिति सदस्यों से संबंधित विभिन्न कार्यों का निष्पादन किया। इसका उद्देश्य किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और उनकी समस्याओं का समाधान करना था। बैंक प्रबंधन ने शिविर की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि किसानों ने ऋण सुविधाओं में विशेष रुचि दिखाई। इसके तहत 8 नए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के आवेदन प्राप्त किए गए। बहुराष्ट्रीय सहकारी संस्था बीबीएसएसएल की सदस्यता के लिए भी आवेदन प्राप्त हुए। सहकारिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सहकार सदस्यता अभियान के अंतर्गत शिविर में 4 नवीन सदस्यता आवेदनों को मौके पर ही स्वीकृति प्रदान की गई। इस एक दिवसीय विशेष शिविर में लगभग 100 किसानों ने भाग लिया, जिन्हें बैंक अधिकारियों द्वारा विभिन्न लाभकारी सहकारी ऋण योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।


