पपौंध में तेंदुए का खौफ, ड्रोन से सर्चिंग:मवेशियों के शिकार के बाद वन विभाग अलर्ट, टीमें तैनात

शहडोल जिले के ब्यौहारी अंतर्गत पपौंध क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों में तीन मवेशियों पर हमले हुए हैं। इन घटनाओं के बाद इलाके में तेंदुए के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे ग्रामीण दहशत में हैं। वन विभाग ने स्थिति को देखते हुए पारंपरिक गश्त के साथ-साथ आधुनिक ड्रोन कैमरे से जंगल में सर्चिंग अभियान शुरू किया है। मवेशियों के लगातार शिकार की घटनाओं ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। जंगल से सटे गांवों में लोग रात होते ही अपने घरों में सिमटने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के अनुसार, लगभग एक माह पहले इसी क्षेत्र में सड़क पार करते हुए एक तेंदुआ देखा गया था, जिसका वीडियो भी बनाया गया था। अब मवेशियों के शिकार से यह आशंका और मजबूत हो गई है कि तेंदुआ आसपास के जंगलों में सक्रिय है। मवेशियों के शिकार की सूचना मिलते ही वन विभाग अलर्ट हो गया। विभाग ने जंगल के ऊंचे हिस्सों, घने पेड़ों और दुर्गम इलाकों के ऊपर ड्रोन उड़ाकर सर्चिंग तेज कर दी है। वन विभाग का मानना है कि ड्रोन के जरिए तेंदुए या अन्य जंगली जानवर की गतिविधियों को ट्रैक करना अधिक प्रभावी और सुरक्षित है, खासकर उन जगहों पर जहां जमीन से पहुंचना मुश्किल है। डिप्टी रेंजर मूरत सिंह ने बताया कि पपौंध क्षेत्र में कई टीमें तैनात की गई हैं, जो लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं। ड्रोन कैमरे से भी सर्चिंग जारी है, हालांकि फिलहाल तेंदुए की सटीक लोकेशन का पता नहीं चल पाया है। विभाग किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को रात के समय अकेले बाहर न निकलने, अपने मवेशियों को सुरक्षित बाड़ों में रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को देने के लिए कहा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *