धनबाद पुलिस ने पम्पू तालाब से बरामद रेलकर्मी बीरबल की हत्या का खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतक के पुत्र, पुत्री और पुत्री के प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह हत्या घरेलू विवाद और पूर्व नियोजित साजिश का परिणाम थी। 5 जनवरी 2026 को पम्पू तालाब से एक शव मिला था, जिसकी पहचान हीरापुर निवासी रेलकर्मी बीरबल के रूप में हुई। मृतक की पुत्री आरती कुमारी के आवेदन पर धनबाद थाना में यूडी कांड संख्या 02/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। बीरबल की मौत गला घोंटने से हुई थी अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) विश्लेषण, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और चिकित्सकों के बयानों से स्पष्ट हुआ कि बीरबल की मौत गला घोंटने से हुई थी। इसके बाद 13 जनवरी 2026 को धनबाद थाना में कांड संख्या 28/2026, धारा 103(1)/238 बीएनएस 2023 के तहत अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक बीरबल अत्यधिक शराब का सेवन करता था और घर में अक्सर विवाद, गाली-गलौज तथा मारपीट करता था। इसी कारण उसके पुत्र रोहित कुमार, पुत्री ऋतू कुमारी और ऋतू के प्रेमी फरदीन खान ने उसकी हत्या की योजना बनाई। बीरबल को शराब में नशीली दवा मिलाकर पिलाई पुलिस के अनुसार, 4 जनवरी 2026 की रात रोहित कुमार और फरदीन खान ने बीरबल को शराब में नशीली दवा मिलाकर पिलाई, जिससे वह अचेत हो गया। इसके बाद उसे बाइक पर बैठाकर आमटाल के एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां मफलर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को पम्पू तालाब में फेंक दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में शराब की खाली बोतल, हत्या में प्रयुक्त मफलर और बाइक जब्त की है। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


