लुधियाना |आत्म पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में लोहड़ी का त्योहार परंपरागत और उत्साहपूर्ण ढंग से मनाया गया। रंग-बिरंगी पतंगों से सजे स्कूल परिसर में अग्नि प्रज्वलन से समारोह की शुरुआत हुई। शिक्षा निर्देशक बीडी बुद्धिराजा, प्रधानाचार्या बंदना सेठी, उप प्रधानाचार्या हरमन मंगेड़ा और वरिष्ठ अध्यापिकाओं ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं। छात्रों ने भांगड़ा, पंजाबी नृत्य, कविशरी और लोहड़ी गीतों के जरिए माहौल को जीवंत कर दिया। विद्यालय की अध्यापिका अभिनंदन ने लोहड़ी के ऐतिहासिक महत्व को समझाते हुए छात्रों को सदाचारिक जीवन जीने की प्रेरणा दी। संगीत विभाग की अध्यापिका गुरविंदर कौर ने महाराजा रणजीत सिंह से संबंधित कविशरी प्रस्तुत कर पारंपरिक संगीत विधा को पुनर्जीवित किया। कक्षा 3 की समायरा ने पंजाबी नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, जबकि कक्षा 5 और 6 की छात्राओं ने लोहड़ी के मधुर गीत गाए। कक्षा 7 और 8 के छात्रों ने भांगड़ा प्रस्तुत कर धूम मचा दी। स्कूल अध्यक्ष संजीव लाल हीरालाल जैन ने त्योहार की बधाई देते हुए संस्कृति को जीवंत रखने का संदेश दिया। शिक्षा निर्देशक बीडी बुद्धिराजा ने पंजाब की परंपराओं को सहेजने का आह्वान किया, वहीं प्रधानाचार्या बंदना सेठी ने कहा कि ऐसे त्योहार बच्चों में सांस्कृतिक जुड़ाव का संचार करते हैं।


