परख सर्वेक्षण: 29वें से 11वें पायदान पर एमसीबी

खड़गवां | परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2024 की ताजा रिपोर्ट में शैक्षिक गुणवत्ता के क्षेत्र में एमसीबी जिले ने उपलब्धि हासिल की है। जिले ने 29वें स्थान से सीधा छलांग लगाते हुए 11वां स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी खड़गवां आर.एन. मिश्रा ने विकासखंड के शैक्षिक समन्वयकों के साथ बैठक कर उन्हें बधाई दी और उनके कुशल नेतृत्व व सतत प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बीईओ मिश्रा ने प्राथमिक शाला सकड़ा पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। उन्होंने बच्चों को मिठाई वितरित की और विद्यालय परिवार के साथ खुशियां साझा कीं। अतिथियों के स्वागत में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। बीईओ मिश्रा ने अपने जन्मदिन पर शैक्षिक समन्वयकों से अनूठा उपहार मांगते हुए कहा कि आगामी वर्ष में विकासखंड और जिले की शैक्षिक गुणवत्ता को और बेहतर कर राज्य स्तर पर सम्मानजनक स्थान दिलाना ही उनके लिए सबसे बड़ा उपहार होगा। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मिरे ने प्राथमिक विद्यालय सकड़ा के रखरखाव, संसाधनों और बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की सराहना की। उन्होंने शिक्षकों के प्रयासों को प्रशंसनीय बताया। इस अवसर पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय पांडे, बीआरसी ओमशंकर पैकरा सहित सभी शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम परासी से आईं नव नियुक्त महिला नगर सैनिक आरती केवट, पार्वती केवट और रीतू का सम्मान भी किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *