परवाज 2026 में भंगड़ा, गिद्दा और लाइव म्यूजिक की प्रस्तुति से मोहा सबका मन

भास्कर न्यूज| लुधियाना गुरु नानक देव इंजीनियरिंग कॉलेज (जीएनडीईसी), गिल पार्क में पंजाबी विरासत, संस्कृति और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से कल्चरल फेस्टिवल परवाज 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों, फैकल्टी सदस्यों और विशिष्ट अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत शबद गायन से हुई, जिसके बाद एकता और रचनात्मकता का प्रतीक धुनी प्रज्वलित की गई। इस अवसर पर कॉलेज के प्रिंसिपल और कल्चरल कमेटी के सदस्यों ने संबोधित करते हुए शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों की अहम भूमिका पर जोर दिया। इस कार्यक्रम में पंजाबी फिल्म अभिनेता गुरदयाल पारस ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि पंजाबी गायक पाली देतवालिया और जसवंत सिंह संडीला गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में उपस्थित रहे। वहीं प्रभ संघा ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। परवाज 2026 के दौरान कविता पाठ, गायन, भंगड़ा, गिद्दा, पंजाब व अन्य भारतीय राज्यों के पारंपरिक परिधानों की प्रस्तुति, लाइव म्यूजिक बैंड और सोलो सिंगिंग जैसी रंगारंग प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। छात्रों ने अपनी कला और प्रतिभा से दर्शकों का मन मोह लिया। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सहजपाल सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए छात्रों और फैकल्टी सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम छात्रों को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता व रचनात्मकता का विकास करते हैं। कल्चरल कमेटी के चेयरमैन डॉ. केएस मान और कोऑर्डिनेटर प्रो. जसवंत सिंह टौर ने भी कार्यक्रम के दौरान फैकल्टी और छात्रों के बीच बेहतर तालमेल की सराहना की। कार्यक्रम का समापन जीएनडीईसी की सांस्कृतिक मूल्यों, रचनात्मक सोच और छात्रों के समग्र विकास को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *