परिवार गया था रिश्तेदारी में, घर में घुसे बदमाश:ताले तोड़कर जेवर और नकदी की पार, पड़ोसी ने फोन पर दी सूचना

हनुमानगढ़ के टाउन थाना क्षेत्र में चोरी की एक वारदात सामने आई है। मीरा कॉलोनी, वार्ड नंबर 34 निवासी राजविंद्र सिंह ने सोमवार देर शाम चोरों के खिलाफ टाउन थाने में एफआईआर दर्ज कराई। चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए ताले तोड़े और घर से चांदी-सोने के जेवर तथा नकदी चोरी कर ली। परिवादी राजविंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह रविवार सुबह करीब 9.30 बजे अपने परिवार के साथ घर पर ताला लगाकर अनूपगढ़ रिश्तेदारी में गए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सोमवार सुबह करीब 9 बजे पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि उनके मकान के ताले टूटे हुए हैं और मुख्य दरवाजा खुला है। सूचना मिलने पर राजविंद्र सिंह दोपहर करीब 2 बजे घर पहुंचे। चांदी के जेवर, सोने का लॉकेट-बाली, नकदी की पार
घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे सहित कमरों के ताले टूटे थे। अंदर कमरे में रखी गोदरेज की अलमारी का गेट और लॉकर भी तोड़ा गया था। अलमारी की तलाशी लेने पर उसमें रखा सामान गायब मिला। चोर अलमारी से चांदी के जेवरात, सोने का लॉकेट, सोने की बाली और 10 से 15 हजार रुपए नकद चुरा ले गए। परिवादी के अनुसार, चोरी रात के समय हुई जब घर पूरी तरह सूना था। आसपास के लोगों को भी देर रात किसी संदिग्ध गतिविधि का आभास नहीं हुआ। घटना की सूचना पर टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। मामले की जांच एएसआई वीर सिंह को सौंपी गई है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पुलिस की गश्त और मुस्तैदी पर सवाल उठ रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *