वीरवार को दिनदहाड़े चोरों ने एक ज्वैलर के घर पर उस समय धावा बोला गया जब परिवार किसी काम से जालंधर गया था। चोर ज्वैलर के घर से सोने-चांदी के गहने और नकदी ले गए। इस बात का पता चलते ही परिवार जालंधर से गुरदासपुर पहुंचा और पुलिस को चोरी की जानकारी दी। पीड़ित के अनुसार चोर घर से 1.40 करोड़ से अधिक के गहने और साढ़े 4 लाख कैश चोरी कर ले गए हैं। थाना सिटी गुरदासपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और फॉरेंसिक टीम की सहायता से जांच की। चोर जाते समय सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी काटकर साथ ले गए हैं। स्यालकोटी ज्वैलर के मालिक शालू कुमार ने बताया कि दुकान का 6 माह से रिपेयर का काम चल रहा था, जिस कारण सोने-चांदी के गहने घर पर रखे थे और यहीं से काम कर रहे थे। वीरवार को निजी काम से वह अपने परिवार समेत जालंधर गए। शाम को जब उनका कर्मी घर की लाइटें जलाने आया तो देखा कि सभी कमरों के दरवाजे टूटे हैं और सारा सामान बिखरा है। वह परिवार समेत जालंधर से देररात तक घर पहुंच गए और पुलिस को सूचित किया। शालू ने बताया कि घर पहुंचकर देखा कि चोरों ने गैस कटर से तिजौरी को काटकर उसमें रखे गहने और नकदी चोरी कर लिए थे।


