परीक्षा केंद्रों पर छात्रों से अवैध वसूली का आरोप:कलेक्टर से पालक महासंघ ने कहा- मोबाइल, हेलमेट, बैग रखने 20 से 50 रुपए वसूले गए

भिंड में पालक महासंघ ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। इसमें जिले के परीक्षा केंद्रों पर छात्र-छात्राओं से अवैध वसूली का आरोप लगाया। महासंघ के पदाधिकारियों ने आरोप में कहा कि परीक्षा केंद्रों पर छात्रों से सामग्री जमा करने के नाम पर मोबाइल, हेलमेट और बैग के लिए अतिरिक्त शुल्क लिया जा रहा है। बताया कि वर्तमान में बीएड की परीक्षा समाप्त हुई है और आगामी फरवरी 2025 से कक्षा 5, 8, 10, और 12 की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होंगी। महासंघ जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता ने कहा, बीएड परीक्षा के दौरान केंद्रों पर सीएस की मौजूदगी में मोबाइल के लिए 20 रुपए, हेलमेट के लिए 30 रुपए और बैग के लिए 50 रुपए तक वसूले गए। उन्होंने इसे शिक्षा विभाग और प्रशासन की घोर लापरवाही बताया। शिकायत पर भी नहीं हुई कार्रवाई
जिलाध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि जब उन्हें इसकी सूचना मिली तो उन्होंने जांच कर घटना को सत्य पाया। उन्होंने प्रमाण के तौर पर एक वीडियो क्लिप भी बनाई और 23 दिसंबर को भिंड एसडीएम अखिलेश शर्मा को फोन और वॉट्सऐप के जरिए जानकारी दी। बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। सुरक्षा और सुविधा की उपेक्षा का आरोप
महासंघ ने कहा कि कड़ाके की सर्दी में छात्र-छात्राएं अपने साथ मोबाइल, हेलमेट और बैग लेकर आना स्वाभाविक है। खास तौर पर अकेली छात्राओं के लिए फोन पर संपर्क आवश्यक है। यदि परीक्षा के दौरान किसी के साथ कोई घटना घटती है, तो क्या उसकी जिम्मेदारी प्राचार्य और प्रशासन लेंगे? वहीं, बाइक सवार छात्रों के लिए हेलमेट अनिवार्य है। इसके बावजूद, इन चीजों के नाम पर शुल्क वसूला जाना न केवल अनुचित है बल्कि छात्रों के साथ अन्याय भी है। ज्ञापन सौंपने के दौरान पालक महासंघ के संरक्षक डॉ. उमाशंकर मिश्रा, दानवीर दीक्षित, कमलेश त्रिपाठी, डॉ. नदीम खान, डॉ. आरडी परिहार, डॉ. हनुमंत सिंह, और महेश करारिया सहित कई सदस्य मौजूद रहे। उन्होंने मांग की कि प्रशासन तत्काल इस मामले में कार्रवाई कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *