परीक्षा ड्यूटी और चैकिंग की राशि अब तक जारी नहीं

भास्कर न्यूज | लुधियाना पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी)द्वारा बोर्ड परीक्षाओं में ड्यूटी देने वाले और पेपर जांचने वाले अध्यापकों की राशि न जारी किए जाने का लेक्चरर कैडर यूनियन पंजाब ने बोर्ड पर आरोप लगाया है। अध्यापकों के अनुसार पिछले सेशन 2023-24 में परीक्षा ड्यूटी और पेपर चेकिंग के पैसे अभी तक नहीं दिए हैं। यूनियन के सूबा प्रधान धर्मजीत सिंह ढिल्लों ने बोर्ड के उच्च अधिकारियों की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब बोर्ड विद्यार्थियों से परीक्षा फीस और अन्य फीसें वसूल करता है, तो अध्यापकों को उनका मेहनताना क्यों नहीं दिया जा रहा है? ढिल्लों ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने बोर्ड के सचिव परलीन कौर बराड़ से मुलाकात कर अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत कराया था। उन्होंने ऑब्जर्वर ड्यूटी निभाने वाले कर्मचारियों को भी मेहनताना देने की मांग की थी। सचिव ने यूनियन नेताओं को आश्वासन दिया था कि वह उनकी मांगों पर बोर्ड के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक में विचार करेंगी। अध्यापकों ने कहा कि 19 फरवरी से फिर से बोर्ड की परीक्षाएं शुरु हो रही हैं। यूनियन प्रधान ने शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस से अपील की है कि वह इस मामले में हस्तक्षेप कर अध्यापकों का बकाया मेहनताना जल्द से जल्द दिलवाएं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर बोर्ड मेहनताना नहीं देता है, तो स्टूडेंट्स से मोटी फीस वसूल करने का उसे कोई अधिकार नहीं है और बच्चों से ली गई फीस वापस की जाए। इस मौके पर दविंदर सिंह गुरु, रमनदीप सिंह और प्रेस सचिव अलबेल सिंह पुड़ैन भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *