ऑटोनोमस मारवाड़ी कॉलेज में स्नातक फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षा (बैकलॉग) का रिजल्ट सोमवार को घोषित किया गया था। इस परीक्षा में शामिल दर्जनों परीक्षार्थियों को अबसेंट कर दिया गया, जिसके कारण फेल हो गए। प्रिंसिपल डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि तकनीकी एरर के चलते 50 से अधिक परीक्षार्थियों का एबसेंट हो गया था। सुधार कर संशोधित रिजल्ट जारी कर दिया गया है। मंगलवार को एबीवीपी के बैनर तले प्रभावित स्टूडेंट्स कॉलेज पहुंचे और हंगामा करने लगे। तब प्रिंसिपल कॉलेज में नहीं पहुंचे थे। इस क्रम में कॉलेज के स्टाफ और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारी मारवाड़ी कॉलेज से आरयू मुख्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारी प्रशासनिक भवन के गेट बंद कर धरना पर बैठ गए। तब वीसी डॉ. अजीत कुमार सिन्हा रिसर्च प्रोजेक्ट के अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लेने गए थे। खबर मिलते ही वीसी मुख्यालय पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बात की। एबीवीपी के हर्ष ने कॉलेज के एक स्टाफ पर मारपीट करने, शर्ट फाड़ने का आरोप लगाया। वीसी ने मामले की की जांच के तत्काल डीएसडब्ल्यू की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित कर दी और 24 घंटे में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व एबीवीपी के रोहित शेखर, शुभम पुरोहित कर रहे थे। प्रिंसिपल को तीन घंटे बनाए रखा बंधक वीसी द्वारा जांच कमेटी गठित कर दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया था। तभी मारवाड़ी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मनोज कुमार एक बैठक में भाग लेने के लिए मुख्यालय पहुंचे। एबीवीपी सदस्यों ने प्रिंसिपल को लगभग तीन घंटे तक बंधक बनाए रखा और तीखी नोकझोंक की। डीआर डॉ. प्रीतम कुमार ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की असफल कोशिश की।


