भास्कर न्यूज | चतरा शहर के चतरा कॉलेज रोड़ में फैशन वर्ल्ड के पास गुरुवार की सुबह हुई सड़क दुर्घटना में दो छात्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए। यहां बाइक व टेंपो के बीच आमने सामने टक्कर हो गई। घायलों में प्रतापपुर थाना क्षेत्र के महुगई निवासी अरुण साव का पुत्र अंकित कुमार व प्रतापपुर देवी मंडप निवासी बिनोद माथुर के पुत्र पीयूष कुमार का नाम शामिल है। दोनों युवक एक बाइक से सेमेस्टर फोर की परीक्षा देने महिला कॉलेज जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों लहूलुहान युवकों को आनन-फानन में चतरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने बताया कि दोनों युवकों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। आंतरिक चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देकर तत्काल हजारीबाग मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इधर पुलिस मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।


