परीक्षा के तनाव को उत्सव में बदलने और विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास जगाने के उद्देश्य से आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण शुक्रवार को शहीद कर्नल जे.पी. जानू पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुआ। विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। जिला स्तरीय इस कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों ने शिरकत की। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) मुख्यालय राजेश मील मुख्य अतिथि थे। उनके साथ मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह जाखड़ और विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिषेक चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री द्वारा बताए गए नुस्खों को जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह था। इस दौरान विद्यालय के 478 छात्र एवं 115 छात्राओं ने सीधा प्रसारण देखा। इसके अलावा 20 स्टाफ सदस्य एवं 17 अन्य गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम का हिस्सा बने। कुल मिलाकर लगभग 600 से अधिक लोगों ने एक साथ बैठकर प्रधानमंत्री के प्रेरक विचारों को सुना। इस मौके पर उप प्रधानाचार्य अरुण चौहान, व्याख्याता किशोर कुमार, सुमन महला, खुशबू, विमल कंवर, वीरेंद्र कुमार, श्री राजेश कुमार, श्री मुकेश कुमार, मुकेश कुमारी, अजीत चौधरी, अयाज अहमद एवं सुमन भांबू मौजूद रहे। सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का मिला संदेश प्रधानमंत्री के संबोधन का मुख्य केंद्र बिंदु ‘परीक्षा को उत्सव की तरह मनाना’ रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि परीक्षा महज एक पड़ाव है, इसे तनाव का कारण न बनने दें। सकारात्मक सोच और खुद पर विश्वास रखकर किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है। प्रसारण के बाद विद्यार्थियों ने चर्चा की कि कैसे छोटे-छोटे बदलावों से वे अपनी पढ़ाई को अधिक प्रभावी बना सकते हैं।


