अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर झालावाड़ कन्या कॉलेज की प्रिंसिपल को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन कोटा विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक के नाम दिया गया है। एबीवीपी इकाई अध्यक्ष नेहा झाला ने बताया कि कोटा विश्वविद्यालय द्वारा यूजी और पीजी प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया 2 जनवरी से शुरू की गई थी, जिसकी अंतिम तिथि 7 जनवरी 2026 निर्धारित है। उन्होंने कहा कि समय सीमा बेहद कम होने और पोर्टल पर लगातार तकनीकी खामियों के चलते बड़ी संख्या में विद्यार्थी अभी तक अपना आवेदन फॉर्म नहीं भर पाए हैं। ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि को तुरंत आगे बढ़ाया जाए। जिला संयोजक रवि मेघवाल ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते तिथि नहीं बढ़ाई गई, तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी कोटा विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। इस दौरान कृष्णा मीणा, शिवानी, वंदना अनामिका दीपू, हर्षिता देवड़ा, अनु झाला, रानू झाला और प्रीतिका पाटीदार सहित कई छात्राएं मौजूद रहीं।


