राजस्थान को पर्यटन में अग्रणी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को जयपुर के होटल द ललित में टूर ऑपरेटरों, होमस्टे मालिकों, होटलों और पर्यटक गाइडों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का आयोजन पर्यटन विभाग, फिक्की और द ललित सूरी हॉस्पिटैलिटी ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा- राजस्थान आने वाले पर्यटकों को यूनीक और अद्भुत अनुभव देने की दिशा में काम करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप राज्य के दूर-दराज और निर्जन क्षेत्रों को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर लोकप्रिय डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करना चाहिए। दीया कुमारी ने कहा- राजस्थान में पर्यटन स्थलों पर ट्रैफिक की समस्या के समाधान के साथ-साथ विश्व स्तरीय सुविधाएं विकसित करनी होंगी। उन्होंने सुझाव दिया कि राजस्थान आने वाले पर्यटकों को यहां की कला, संस्कृति, और विरासत का ऐसा अनुभव मिले, जिसे वे कभी न भूलें। उन्होंने पर्यटन से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर्स को एक टीम के रूप में काम करने का आह्वान किया। डिजिटल तकनीक और जागरूकता पर फोकस कार्यशाला में डिजिटल प्लेटफॉर्म्स जैसे ओएनडीसी (ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स) का लाभ उठाने और फूड सेफ्टी और फर्स्ट एड जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। फिक्की की पूर्व अध्यक्ष डॉ. ज्योत्सना सूरी ने कहा कि हमें पर्यटकों की अपेक्षाओं को समझकर उनके अनुरूप आधुनिक और सुविधाजनक पर्यटन माहौल तैयार करना होगा। फिक्की उत्तरप्रदेश कमेटी के चेयरमैन प्रतीक हीरा ने कहा- पर्यटन के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने में राजस्थान सबसे बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने कहा- प्रधानमंत्री द्वारा निर्धारित 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को प्राप्त करने में पर्यटन क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है। राजस्थान के पर्यटन का तेज़ी से विकास शासन सचिव पर्यटन रवि जैन ने कहा कि उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी के नेतृत्व में प्रदेश में नए पर्यटन स्थलों का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने इस कार्यशाला को सभी स्टेकहोल्डर्स के लिए लाभकारी बताया। कार्यक्रम में सुषमा अरोड़ा (प्रबंध निदेशक, राजस्थान पर्यटन विकास निगम), सुरेंद्र सिंह शेखावत (सह-अध्यक्ष, फिक्की राजस्थान राज्य परिषद) और विजय पाल सिंह (आयुक्त, पर्यटन) सहित कई अतिथि उपस्थित रहे।


