पर्वतारोही और साइक्लिस्ट आशा मालवीय का ब्यावर में स्वागत:78वें सेना दिवस पर राष्ट्रीय साइकिलिंग अभियान के तहत पहुंचीं

78वें भारतीय सेना दिवस-2026 के अवसर पर देशव्यापी साइक्लिंग अभियान पर निकलीं राष्ट्रीय स्तर की एथलीट, पर्वतारोही और सोलो साइक्लिस्ट आशा मालवीय का ब्यावर पहुंचने पर जिला प्रशासन ने स्वागत किया। जिला कलेक्टर कम राम मीना ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर मीना ने बताया कि आशा मालवीय दक्षिण पश्चिमी कमान, जयपुर से किबिथू (अरुणाचल प्रदेश) तक लगभग 7,800 किलोमीटर की राष्ट्रीय साइक्लिंग यात्रा पर हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य नारी शक्ति, देशभक्ति और अदम्य साहस का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। यह यात्रा उनके अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और अटूट संकल्प का उदाहरण है। कलेक्टर मीना ने आशा के साहस एवं समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि वे देश के युवाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने उनकी आगामी यात्रा के सुरक्षित एवं सफल संचालन की शुभकामनाएं दीं।
आशा मालवीय ने इस राष्ट्रीय साइक्लिंग अभियान की शुरुआत 11 जनवरी को जयपुर से की थी। यह अभियान भारत के पश्चिमी छोर से पूर्वी छोर तक आयोजित किया जा रहा है। आशा मालवीय अब तक कई महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण साइक्लिंग अभियानों को सफलतापूर्वक पूरा कर चुकी हैं। इनमें असरवाला वॉर मेमोरियल (फाजिल्का) से जयपुर तक 800 किलोमीटर साइकिल रैली, भोपाल-पचमढ़ी सोलो साइकिल अभियान, “सैनिकों के साथ, सैनिकों के लिए” साइकिल अभियान, 17,500 किलोमीटर का राष्ट्रीय मिशन “सशक्त सेना, समृद्ध भारत” और 26,000 किलोमीटर का राष्ट्रीय महिला सशक्तिकरण साइकिल अभियान प्रमुख हैं। वे अब तक कुल लगभग 60,000 किलोमीटर की साइकिल यात्राएं पूर्ण कर चुकी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *