पलामू में दशहरे के दिन एक सड़क हादसे में चैनपुर अंचल कार्यालय के नाजिर राकेश कुमार (44) की मौत हो गई। यह दुर्घटना मेदिनीनगर-औरंगाबाद नेशनल हाईवे पर सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा में हुई। राकेश कुमार अपनी पत्नी के साथ बाइक से अपने पैतृक गांव नावाबाजार के बसना जा रहे थे। वे चैनपुर अंचल परिसर स्थित क्वार्टर में परिवार के साथ रहते थे। सिंगरा के पास विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। पत्नी घायल, इलाज जारी इस टक्कर से नाजिर राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। एमएमसीएच में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनकी पत्नी भी घायल हुई हैं, जिनका इलाज जारी है। मृतक के छोटे भाई मुकेश कुमार ने बताया कि राकेश कुमार पिछले चार वर्षों से चैनपुर अंचल में कार्यरत थे। उनके तीन बच्चे हैं। दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। इससे कार चालक और उसमें बैठे व्यक्ति को भागने का मौका नहीं मिला। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार चालक और मालिक को हिरासत में ले लिया, जबकि कार जब्त कर ली गई है। एमएमसीएच में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही सदर सह चैनपुर के अंचलाधिकारी अमरदीप बल्होत्रा, सदर थाना प्रभारी लालजी और नाजिर को जानने वाले अन्य कर्मी अस्पताल पहुंचे। साथी कर्मचारियों में शोक की लहर है।


