पलामू टाइगर रिजर्व में दिखा बाघ:सफारी के दौरान रांची से आए पर्यटकों ने कैमरे में कैद किया दुर्लभ पल

पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के बेतला नेशनल पार्क में सोमवार को जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को एक बाघ दिखाई दिया। सुबह की सफारी में पर्यटकों ने बाघ को झाड़ियों के बीच शांत अवस्था में विश्राम करते हुए देखा और इस दुर्लभ क्षण को अपने कैमरे में कैद किया। रांची से आए पर्यटक मेहताब अहमद और जैनब फलक के परिवार ने सफारी क्षेत्र में इस बाघ को देखा। उनके साथ लेडी गाइड और ड्राइवर जुनैद आलम भी थे, जिन्होंने सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सुरक्षित सफारी सुनिश्चित की। दिन के उजाले में बाघ का दिखना पर्यटकों के लिए एक रोमांचक अनुभव रहा। झाड़ियों के बीच आराम कर रहा था बाघ पर्यटक जैनब फलक ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जंगल सफारी के दौरान अचानक उनकी नजर झाड़ियों में आराम कर रहे बाघ पर पड़ी। उन्होंने तुरंत अपने मोबाइल से उसकी तस्वीर ली। खुली आंखों से दिन के समय बाघ को देखना उनके लिए एक यादगार अनुभव था। यह उल्लेखनीय है कि केवल 20 वर्ग किलोमीटर के नियंत्रित सफारी क्षेत्र में सुबह 9 बजे बाघ की उपस्थिति इस बात का संकेत है कि क्षेत्र में बाघों की गतिविधियां बढ़ रही हैं। यह दर्शाता है कि उनका प्राकृतिक आवास सुरक्षित, संरक्षित और अनुकूल बना हुआ है। वन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है पलामू टाइगर रिजर्व प्रशासन ने बाघ देखने वाले पर्यटकों के अनुभव को सराहा। पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर प्रजेश कांत जेना ने बताया कि बाघ की उपस्थिति की पुष्टि के बाद वन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। जंगल क्षेत्र की 24 घंटे निगरानी के लिए आधुनिक तकनीकों और संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *