पलामू में गैंगस्टर प्रिंस खान का शूटर गिरफ्तार:कुवैत से मिला था गोल्ड हाउस पर फायरिंग का निर्देश, दो पहले भी हो चुके हैं अरेस्ट

पलामू पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के तीसरे शूटर शाहरुख अली को गिरफ्तार किया है। उसे कुवैत से स्वर्ण कारोबारी रंजीत सोनी की दुकान ‘गोल्ड हाउस’ पर फायरिंग करने का निर्देश मिला था। शाहरुख शहर थाना क्षेत्र के पहाड़ी मोहल्ला का निवासी है। गैंगस्टर प्रिंस खान ने ‘गोल्ड हाउस’ के मालिक से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। 25 दिसंबर को दुकान पर फायरिंग की घटना से पहले दो अन्य शूटरों को भी पकड़ा गया था। पहले के दो शूटरों की गिरफ्तारी के बाद, शाहरुख के भांजे मोहम्मद आतिफ ने उसे 30 हजार रुपए में फायरिंग का काम सौंपा था। आतिफ कुवैत में रहता है और प्रिंस खान के संपर्क में है। एसपी रीष्मा रमेशन ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। शाहरुख अली को वाहन चेकिंग अभियान के दौरान कोयल नदी किनारे पुल के नीचे पकड़ा गया। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा कर उसे दबोच लिया गया। प्रिंस खान ने व्हाट्सएप ऑडियो क्लिप भेजकर रंगदारी मांगी थी पूछताछ में शाहरुख ने बताया कि वह प्रिंस खान के निर्देश पर रंजीत सोनी के प्रतिष्ठान पर फायरिंग करने वाला था। प्रिंस खान ने व्हाट्सएप ऑडियो क्लिप भेजकर रंगदारी मांगी थी, लेकिन व्यवसायी ने रकम नहीं दी थी। शाहरुख ने भांजे आतिफ के कहने पर हथियार खरीदे थे। पुलिस को जांच के दौरान आतिफ का एक सोशल मीडिया वीडियो भी मिला है, जिसमें वह प्रिंस खान से बात करते हुए स्क्रीन रिकॉर्डिंग पोस्ट कर रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से पलामू में प्रिंस खान के पैर जमाने के मंसूबों को झटका लगा है। इस अभियान में सब इंस्पेक्टर तंजीलूल मन्नान मनौवर, नीरज कुमार, अनंत कुमार सिंह और टीओपी-1 के प्रभारी इंद्रदेव पासवान सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *