पलामू के छतरपुर में नौ अप्रैल को हुई ज्वेलरी शॉप की चोरी का मामला सुलझने की ओर बढ़ रहा है। पलामू पुलिस ने चोरी के माल को खरीदने के आरोप में औरंगाबाद के मदनपुर थानाक्षेत्र के दधपि निवासी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी अभिषेक कुमार शिवगंज में लक्ष्मी ज्वेलर्स का मालिक है। पुलिस ने उसकी दुकान से छह किलो चांदी का जेवर और 14 ग्राम पिघलाया हुआ सोना बरामद किया है। जांच में पता चला कि आरोपी चोरी का माल आधे से भी कम दाम में खरीदता था। वह इस माल को पिघलाकर नए डिजाइन में तब्दील कर देता था। एएसपी राकेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच के लिए एसपी ने छतरपुर एसडीपीओ अवध कुमार यादव के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया था। पूछताछ में आरोपी ने एक चोर की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, मुख्य चोर अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही पूरी घटना का खुलासा हो सकेगा। यह चोरी अशोक कुमार सोनी की ज्वेलरी दुकान में हुई थी। चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के गहने चुराए थे।


