पलामू में ट्रक-बाइक की टक्कर, युवक की मौत:दोस्त की शादी का कार्ड बांटने निकले युवक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के खामडीह में नेशनल हाईवे-39 (डालटनगंज–रांची मुख्य पथ) पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान कुलिया गांव निवासी अंजय उरांव (पिता वीरेंद्र उरांव) के रूप में हुई है। हादसा खामडीह स्थित बंगला स्कूल के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवकों ने एक वाहन को ओवरटेक किया, इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अंजय उरांव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। 20 फरवरी को होनी थी अंशु की शादी हादसे में घायल युवकों की पहचान अंशु उरांव और पंकज उरांव के रूप में हुई है। अंशु उरांव की शादी 20 फरवरी को होने वाली थी। जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त अंशु की बहन के घर रजडेरवा गांव शादी का कार्ड बांटने जा रहे थे। तीनों कुछ समय पहले ही मुंबई से लौटे थे, जहां वे एक साथ मजदूरी करते थे। शादी को लेकर घर-परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियों को मातम में बदल दिया। अंजय उरांव की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस दोस्त की शादी के कार्ड बांटने के लिए वे निकले थे, उसी की शादी से पहले दोस्त की अर्थी उठ गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपा गया घटना की सूचना मिलते ही सतबरवा थाना की पेट्रोलिंग गश्ती में शामिल एएसआई सुखसागर सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तीनों युवकों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने अंजय उरांव को मृत घोषित कर दिया, जबकि अंशु और पंकज की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका इलाज जारी है। मृतक अंजय उरांव के शव का पोस्टमॉर्टम रविवार दोपहर करीब तीन बजे कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *