पलामू जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शनिवार शाम दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 9 वर्षीय आरो तिवारी और 6 वर्षीय अर्पित दुबे के रूप में हुई है। दोनों आपस में मौसेरे भाई थे। दोनों के शव रविवार को बरामद किया गया है। जानकारी के मुताबिक, आरो तिवारी शनिवार की शाम बेलवाटिका स्थित अपने घर से दूध लाने के लिए मौसा आनंद दुबे के घर गया था। वहां से वह अपने छोटे भाई अर्पित दुबे के साथ निकल गया। देर शाम तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ी और उन्होंने बच्चों की खोजबीन शुरू कर दी। काशीनगर के बड़काबांध इलाके में मिला शव रविवार सुबह परिजन जब काशीनगर स्थित बड़काबांध इलाके में पहुंचे तो तालाब किनारे बच्चों के कपड़े पड़े मिले। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से जब तालाब में खोजबीन की गई तो पहले एक बच्चे का शव मिला, फिर कुछ ही देर बाद दूसरे का शव भी बरामद हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। पूरे गांव में मातम पसरा है। परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। नहाने के क्रम में डूबने की आशंका आरो तिवारी बेलवाटिका के गुरुद्वारा के पीछे रहने वाले अनुराग तिवारी का इकलौता बेटा था। वहीं, अर्पित दुबे रांची रोड पर रेड़मा दशगात्र भवन के पास रहने वाले आनंद दुबे का पुत्र था। आनंद दुबे मूल रूप से लेस्लीगंज प्रखंड के कीतो गांव के निवासी हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों बच्चे नहाने की नीयत से तालाब की ओर चले गए थे। किसी को कुछ बताए बिना वे पानी में उतर गए और गहराई का अंदाजा नहीं होने की वजह से डूब गए।


