झारखंड के पलामू जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई है। इन हादसों में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। पहला हादसा छतरपुर-जपला रोड पर अरुण आवासीय विद्यालय के पास हुआ। यहां दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में छतरपुर के पिंडराही निवासी 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। एनएच 139 पर ट्रक से टक्कर दूसरा हादसा हरिहरगंज थाना क्षेत्र में एनएच 139 पर अररुआ खुर्द कॉलेज मोड़ पर रात डेढ़ बजे हुआ। इस हादसे में ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के रविकांत कुमार (26) और गया जिले के सुनील कुमार (20) के रूप में हुई है। रविकांत और सुनील एक ही बाइक पर छतरपुर से हरिहरगंज की ओर जा रहे थे। कॉलेज मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हालांकि, घटनास्थल पर ट्रक का नंबर प्लेट मिला है। हरिहरगंज में रह रहे थे दोनों दोनों युवक पिछले दो साल से हरिहरगंज में रह रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। रविकांत के पिता ने ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।


