पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित निमसी टोला में आज सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक पति ने पत्नी पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 4 बजे राजेंद्र भुइयां ने अपनी पत्नी मिलू देवी को शौच के बहाने घर से बाहर बुलाया और कुछ दूर जाकर उसकी गर्दन और पीठ पर टांगी से वार कर दिया। अचानक हुए हमले से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर उनका बेटा अखिलेश मौके पर पहुंचा। बेटे को आता देख आरोपी पिता मौके से भाग निकला। आनन-फानन में घायल महिला को मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। 20 दिन पहले 10वें बच्चे को दिया था जन्म घायल मिलू देवी ने 20 दिन पहले ही अपने 10वें बच्चे को जन्म दिया था। पीड़िता के कुल 10 बच्चे हैं, जिनमें सात बेटियां और तीन बेटे हैं। परिवार के अनुसार, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी भी तरह का विवाद भी नहीं हुआ था। घर के अन्य सदस्य घटना के वक्त मौजूद नहीं थे। दो बेटियां धान की रोपाई करने के लिए बाहर गई थीं, जबकि एक बेटा मजदूरी करने गया था। परिवार के एक बेटे की शादी हो चुकी है। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को प्राथमिक आर्थिक मदद भी दी। फिलहाल पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच कर रही है। अब तक हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।


