पलामू में बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या:बंद शौचालय में खून से लथपथ मिला शव, जमीन विवाद में घटना को अंजाम देने की आशंका

पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के कुदागा कला गांव में शनिवार रात एक बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 65 वर्षीय निजामुद्दीन अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक के बड़े बेटे अनीश अंसारी (40) व उसकी पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। घटना को लंबे समय से चल रहे पारिवारिक और जमीन विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। शौचालय में खून से लथपथ मिला शव ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब 9 बजे मृतक का शव उनके घर के पीछे बने बंद पड़े शौचालय में खून से लथपथ मिला। उनका गला धारदार हथियार से रेता गया था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। सूचना पर चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिस शौचालय में शव मिला, वह मृतक के बड़े बेटे के घर से सटा हुआ है और कई सालों से उपयोग में नहीं था। पोता घटना के बाद हुआ फरार हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के बड़े बेटे और बहू को हिरासत में लिया है, जबकि मृतक का पोता फरार है। बताया जा रहा है कि वह नशे का आदी था। ग्रामीणों का कहना है कि शनिवार शाम उसे गांव में देखा गया था। हालांकि उसकी बहन का कहना है कि वह तीन दिन पहले गढ़वा काम करने गया है। पुलिस पोते की भी तलाश कर रही है। इधर, मृतक का छोटा बेटा घटना के दिन अपने ससुराल गया हुआ था। घर पर अकेले निजामुद्दीन ही थे। लंबे समय से विवाद, कई बार थाने और कोर्ट पहुंचा मामला ग्रामीणों ने बताया कि निजामुद्दीन अंसारी और उनके बड़े बेटे अनीश के बीच लंबे समय से पारिवारिक और जमीन विवाद चल रहा था। मामला पहले भी थाने और कोर्ट तक पहुंचा था। इसके बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि अनीश ने कई बार अपने पिता को जान से मारने की धमकी दी थी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच तेज कर दी है। थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने कहा कि पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *