पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र के भिखही पलवा गांव में दो दिनों से लापता 28 वर्षीय युवक सुशील भुइयां का शव बरामद किया गया है। सुशील 2 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल होने के बाद से लापता थे। उनका शव विसर्जन स्थल के पास पानी से भरे एक गड्ढे में मिला है। परिजनों ने मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के साले चंदन कुमार के अनुसार, सुशील 2 अक्टूबर की शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। रात 10 बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। विसर्जन जुलूस के दौरान सुशील के साथ मारपीट की गई: परिजन शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने विसर्जन स्थल के पास पानी से भरे गड्ढे में एक शव देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद शव की पहचान सुशील भुइयां के रूप में की गई। चंदन कुमार ने आरोप लगाया है कि विसर्जन जुलूस के दौरान सुशील के साथ मारपीट की गई और उनकी हत्या कर शव को पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया गया होगा। एमएमसीएच में शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। सुशील भुइयां के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और दो बेटे शामिल हैं। उनकी एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बेटी की शादी दो महीने बाद होने वाली है।


