पलामू में विवाहिता की हत्या, ससुराल वाले फरार:पति ने की थी दूसरी शादी, कमरे में खून से लथपथ पड़ी मिली महिला की लाश

पलामू के पिपरा थाना क्षेत्र के दलपतपुर गांव में एक महिला की हत्या कर दी गई। महिला का शव उसके ससुराल के कमरे में खून से लथपथ मिला। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग फरार हैं। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विमल कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। मृतका की पहचान दलपतपुर गांव के राजकेश्वर यादव की 38 वर्षीय पत्नी बेबी देवी के रूप में हुई है। बेबी राजकेश्वर की दूसरी पत्नी थीं, जिनकी शादी 2012 में हुई थी। राजकेश्वर की पहली पत्नी का निधन हो चुका है। सोमवार को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। बेबी की बच्चेदानी भी निकलवा दी गई थी: भाई घटना की सूचना मिलने पर बिहार के औरंगाबाद स्थित कर्मा गांव से मृतका के मायके पक्ष से भाई अजय यादव, चाचा और परिवार के अन्य सदस्य दलपतपुर पहुंचे। भाई अजय यादव ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले छोटी-छोटी बातों को लेकर बेबी को लगातार प्रताड़ित करते थे। उन्होंने यह भी बताया कि बेबी की बच्चेदानी भी निकलवा दी गई थी और उसका कोई बच्चा नहीं था। ग्रामीणों के अनुसार, रविवार देर शाम हत्या को अंजाम देने के बाद ससुराल वाले बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गए। ग्रामीणों ने स्थिति की जानकारी बेबी के मायके वालों को दी, जिन्होंने पिपरा पुलिस को सूचित किया। पुलिस को कमरे में महिला का शव मिला, जिसके सिर से लगातार खून बह रहा था और घटनास्थल पर फैला हुआ था। हत्या कुदाल और बटखारे से सिर पर वार कर की गई थी। थाना प्रभारी विमल कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। ससुराल पक्ष के लोग अभी भी फरार हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। मृतका के भाई ने पति राजकेश्वर यादव के अलावा सौतेले बेटे पिंटू यादव और उसकी पत्नी रिंकी देवी, पंकज यादव, तथा भसुर कामेश्वर यादव और उसकी पत्नी झिनिया देवी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *