पलामू पुलिस ने पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी पहले रिमांड होम में रह चुके हैं। वहीं इनकी मुलाकात हुई और बाद में गिरोह बना लिया। एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में निरज राम उर्फ नीरज कुमार चंद्रवंशी (20), अंकु कुमार सिंह (19), विशाल चंद्रवंशी (18), सूरज कुमार (18) और राजन कुमार पासवान (24) शामिल हैं। सोमवार शाम मोहम्मदगंज में भीम चूल्हा के पास से इन्हें पकड़ा गया। गिरोह का मास्टरमाइंड नीरज है। वह बाइक चोरी के जुर्म में तीन साल रिमांड होम में रह चुका है। गिरोह ने सबसे पहले लेस्लीगंज से एक अपाची बाइक चुराई। इसी बाइक का इस्तेमाल कर पाटन के किशुनपुर में सीएसपी, नावाजयपुर में ज्वेलरी दुकान, हैदरनगर में सीएसपी और मोहम्मदगंज में मोटरसाइकिल लूट की वारदातों को अंजाम दिया। दो रेकी करते, तीन लूट
गिरोह के एक सदस्य विशाल चंद्रवंशी शाहपुर के राजमोहन पोलू की हत्या में भी शामिल रहा है। गिरोह का तरीका था कि पहले दो सदस्य जगह की रेकी करते थे। फिर तीन सदस्य एक बाइक पर आकर लूट करते थे। पांच मामलों का खुलासा
हुसैनाबाद एसडीपीओ एस मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी। इस टीम में हुसैनाबाद, हैदरनगर और मोहम्मदगंज थाना की पुलिस शामिल थी। इन अपराधियों की गिरफ्तारी से पांच मामलों का खुलासा हुआ है।


