पलारी में सतनाम शोभा यात्रा निकाली गई:श्रद्धालुओं ने ‘मनखे-मनखे एक समान’, प्रेम, सत्य, अहिंसा और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया

बलौदाबाजार के पलारी में सतनामी समाज ने गुरु घासीदास जयंती पर सतनाम शोभा यात्रा का आयोजन किया। बुधवार को यह यात्रा सतनाम भवन पलारी से दोपहर 3 बजे प्रारंभ हुई और लगभग 5 घंटे तक नगर का भ्रमण कर शाम करीब 8 बजे सतनाम भवन पर समाप्त हुई। इस यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु घासीदास के ‘मनखे-मनखे एक समान’, प्रेम, सत्य, अहिंसा और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। शोभा यात्रा का संचालन पलारी ब्लॉक प्रगतिशील सतनामी समाज के अध्यक्ष महेश ढीढी के मार्गदर्शन में हुआ। यात्रा का शुभारंभ समाज के प्रमुख नेताओं और गणमान्य नागरिकों ने पूजा-अर्चना के साथ किया। पंथी नृत्य की प्रस्तुती अलग-अलग ग्रामों से आए कलाकारों के समूहों ने पारंपरिक पंथी नृत्य प्रस्तुत किया। युवा, बुजुर्ग, युवतियां और बच्चे सभी इस नृत्य में शामिल हुए। महिलाओं और बालिकाओं के समूह ने सिर पर कलश धारण कर एक विशेष कलश यात्रा निकाली, जो शोभायात्रा के पीछे चल रही थी। यात्रा के अग्रिम भाग में समाज के लोग श्वेत ध्वज (सतनाम पताका) लेकर चल रहे थे। यात्रा के विशाल आकार और 5 घंटे तक चलने वाले आयोजन को देखते हुए प्रशासनिक व्यवस्था की गई थी। मुख्य मार्गों को चिह्नित किया गया और नगर में लगने वाले साप्ताहिक बाजार को दशहरा मैदान मार्ग पर स्थानांतरित कर दिया गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *