इंदौर के पलासिया इलाके में शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक 18 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक को गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रात में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पलासिया थाने के एसआई मदनसिंह बरडे ने बताया कि मृतक की पहचान बबलू (18), पुत्र अर्जुन, निवासी संजीवनी नगर, खजराना के रूप में हुई है। शनिवार शाम वह ग्रेटर कैलाश अस्पताल के पास बाइक से जा रहा था, तभी उसका एक्सीडेंट हो गया। राहगीरों ने उसे घायल हालत में एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, जिस बाइक से बबलू की टक्कर हुई थी, उस पर नंबर प्लेट नहीं थी। रविवार सुबह बबलू के परिजन एमवाय अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की। परिजनों ने बताया कि बबलू अपने दोस्त की बाइक लेकर घर से निकला था। बबलू का परिवार मूल रूप से निमाड़ क्षेत्र के एक गांव का निवासी है। पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। एसआई मदनसिंह के अनुसार, हादसे में शामिल दूसरे वाहन की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है। गार्ड की मौत में सुपरवाइजर पर केस भंवरकुआ थाना क्षेत्र में एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत के मामले में पुलिस ने फैक्ट्री सुपरवाइजर के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई करीब चार महीने बाद जांच पूरी होने के बाद की गई है। भंवरकुआ पुलिस के अनुसार, रामेश्वर पाटीदार, पुत्र बगदीराम पाटीदार, निवासी भगवती नगर, मूसाखेड़ी की गजराज एग्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में अगस्त 2025 में ड्यूटी के दौरान लोहे का भारी गेट गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद फैक्ट्री सुपरवाइजर अंकित शर्मा, निवासी कौशलपुरी उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल लेकर गया, जहां इलाज के दौरान रामेश्वर की मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना में सुपरवाइजर अंकित शर्मा की गंभीर लापरवाही थी। इसके आधार पर रविवार को उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल आरोपी सुपरवाइजर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


