पवित्र शहरों को विशेष विकास पैकेज दे सरकार: व्यापारी

भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल ने अमृतसर की वॉल्ड सिटी, श्री आनंदपुर साहिब और तलवंडी साबो को ‘पवित्र शहर’ घोषित करने के सरकार के फैसले का स्वागत किया है। व्यापार मंडल के प्रधान प्यारे लाल सेठ एवं महामंत्री समीर जैन ने सरकार से आग्रह किया कि केवल इन्हें पवित्र शहर घोषित कर देना और विज्ञापनों पर भारी धनराशि खर्च कर देना पर्याप्त नहीं है, जब तक कि इन शहरों की जमीनी सुविधाओं में वास्तविक सुधार दिखाई न दे। गुरुनगरी जैसे विश्वविख्यात धार्मिक स्थल, जहां प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं, वहां आज भी पेयजल व्यवस्था, सीवरेज, ड्रेनेज, सफाई, सार्वजनिक परिवहन, पार्किंग, स्ट्रीट लाइटिंग, ट्रैफिक प्रबंधन और नागरिक सुविधाएं अत्यंत दयनीय स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि होली सिटी घोषित होने के बाद स्वच्छ पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए जोकि अभी तक नहीं की गई है। सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम को आधुनिक बनाया जाए, ताकि बरसात में जलभराव न हो। पार्किंग एवं ट्रैफिक व्यवस्था सुधारी जाएं। पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु हेरिटेज संरक्षण, सूचना केंद्र, शौचालय, विश्राम स्थल एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए जबकि अभी तक इस तरफ कोई ध्यान हीं दिया गया है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान से घोषित पवित्र शहरों के लिए विशेष विकास पैकेज तुरंत लागू करने, पानी, सीवरेज, ड्रेनेज और सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने, वॉल्ड सिटी अमृतसर के लिए विशेष हेरिटेज एवं आधारभूत ढांचा डेवलपमेंट प्लान बनाने, श्रद्धालुओं एवं व्यापारियों की सुविधा हेतु सार्वजनिक परिवहन और पार्किंग नीति लागू करने की मांग की है। सेठ व जैन ने पर्यटन से जुड़े स्थानीय व्यापार, होटल, दुकानदार और छोटे व्यवसायियों के लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू करने की मांग भी की है। इस संबंधी आयोजित बैठक में पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के रंजन अग्रवाल, जिला प्रधान सुरेंद्र दुग्गल, जिला महामंत्री बलबीर भसीन, राकेश ठाकुराल, रवि अरोड़ा, जयदीप सिंह, प्रणव धवन, राणा महाजन, गिन्नी भाटिया, संदीप खोसला, सुनील चोपड़ा, वीके मेहता इत्यादि ने भी आप सरकार से सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *