भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ प्रखंड कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को पंचायत समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख देवला हांसदा ने की। बैठक में बीडीओ बबली कुमारी, उप प्रमुख सुकरा मुंडा, अर्जुन चंद्र हांसदा और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। पशुपालन विभाग से वसुधन योजना के तहत बांटे गए बकरी, बतख और चूजे के कुछ ही दिनों में मरने पर जवाब मांगा गया। पूछा गया कि अब तक कितने लाभुकों को बकरी-बकरा मिला है, कितने जीवित हैं और कितने मर चुके हैं। विभाग से पूरी रिपोर्ट देने को कहा गया ताकि जिला स्तर पर शिकायत की जा सके। अंचल से जुड़े मामलों में प्रखंड क्षेत्र की सड़कों पर हुए अतिक्रमण की सीमांकन कर खाली कराने का निर्देश दिया गया। एनएच-18 किनारे बन रहे आबुआ आवास की जांच कर रिपोर्ट मांगी गई। यदि सड़क की जमीन पर निर्माण हो रहा है तो तुरंत काम रोकने को कहा गया। आपूर्ति विभाग से जनवितरण प्रणाली के दुकानदारों का बकाया जल्द दिलाने की मांग की गई। पेयजल स्वच्छता विभाग से खराब जलमीनारों को ठीक करने और नए चापाकल निर्माण में हो रही देरी पर ठेकेदारों की पहचान कर कार्रवाई करने को कहा गया। प्रखंड क्षेत्र में चल रहे सभी उद्योगों के मालिकों की बैठक बुलाकर मजदूरी दर और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सतयुग फूड राइस मिल में बुधवार को मजदूर की मौत पर चर्चा हुई। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस व्यवस्था करने को कहा गया। बैठक में पंचायत समिति सदस्य प्रदीप कुमार राय, दासो मुर्मू, रीता ओझा, काजल भालूक, आशा सीट, प्रभारी कृषि पदाधिकारी पीयूष कुमार मंडल, कल्याण पदाधिकारी सावना मुर्मू, सीडीपीओ माया कुमारी, निरंजन महतो और डॉ. प्रतिमा कुमारी मौजूद रहे।


