मंदसौर स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में लगभग डेढ़ महीने बाद मंदिर की दान पेटियों को खोला गया, जिसमें से 22 लाख 79 हजार 825 रुपए की राशि प्राप्त हुई। गुरुवार, 6 फरवरी की सुबह मंदिर प्रबंध समिति, प्रशासन और ट्रेजरी अधिकारियों की उपस्थिति में दान पेटियों को खोला गया। दो दिनों तक चली गणना में पहले दिन 16 लाख 5 हजार 300 रुपए और दूसरे दिन 6 लाख 74 हजार 525 रुपए की राशि मिली। मंदिर प्रबंधक राहुल रुनवाल के अनुसार, पशुपतिनाथ मंदिर और सहस्त्र शिवलिंग मंदिर की दान पेटियों से नकद राशि के अलावा 130 ग्राम चांदी के आभूषण और विभिन्न विदेशी मुद्राएं भी प्राप्त हुईं। यह राशि भक्तों द्वारा भगवान पशुपतिनाथ को अर्पित की गई है। मंदिर प्रशासन द्वारा इस राशि का उपयोग मंदिर के रखरखाव और विकास कार्यों में किया जाएगा।


