पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के साथ ही उत्तरी सर्द हवाओं के कारण सरगुजा संभाग में फिर से कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। सरगुजा के पाट इलाकों में न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री तक पहुंच गया है। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान भी 8 डिग्री तक गिर गया है। मौसम विभाग के अनुसार फरवरी के पहले सप्ताह में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। सरगुजा संभाग में पिछले एक सप्ताह से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास बना हुआ था। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाए हुए थे एवं न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान में बढोत्तरी हुई थी। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने से इसका असर कम हुआ है एवं फिर से उत्तरी सर्द हवाएं सरगुजा संभाग में प्रवेश कर रही हैं। इसके कारण ठंड की वापसी हो गई है। पाट इलाकों में ठंड ने ठिठुराया सरगुजा संभाग के पाट से लेकर मैदानी इलाकों में ठंड की वापसी हो गई है। शनिवार को पाट इलाकों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक गिर गया, वहीं संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री दर्ज किया गया है। संभाग में दो दिनों तक घना कोहरा छाया रहा, जबकि शनिवार को कोहरा नहीं दिखा। दो दिनों में बदलेगा मौसम, बारिश का भी पूर्वानुमान मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के कारण फिर से सर्द हवाएं प्रवेश कर रही हैं, जिसके कारण न्यूनतम तापमान गिरा है। 2 फरवरी को फिर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके कारण बादल छाएंगे व 3 व 4 फरवरी को सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान है। बारिश या ओलावृष्टि हुई तो एक से दो दिनों के लिए न्यूनतत तापमान में गिरावट आएगी। एएम भट्ट ने बताया कि ऋतु परिवर्तन हो चुका है। इसके कारण आगामी दिनों में न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। फिलहाल फरवरी के पहले सप्ताह में न्यूनतम एवं अधिकतम तापाामन में उतार-चढ़ाव का पूर्वानुमान है।


