पश्चिमी विक्षोभ से जैसलमेर में सर्दी का असर हुआ कम:बर्फीली हवाओं की रफ्तार हुई कम, दिन का पारा 30 डिग्री के पार

प्रदेश में सक्रिय हुए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का असर अब स्वर्ण नगरी जैसलमेर में भी साफ दिखाई दे रहा है। सोमवार 8 दिसंबर को जैसलमेर के लोगों को दिन में कड़ाके की सर्दी से बड़ी राहत मिली है, क्योंकि अधिकतम तापमान एक बार फिर 30 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तरी भारत की दिशा से आने वाली बर्फीली और सर्द हवाओं की रफ्तार थम गई है, जिससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले चार दिनों में दिन के पारे में लगभग 3 से 4 डिग्री की उछाल आई है। दिन में सर्दी का असर हुआ कम सोमवार को सुबह के समय सर्दी का असर थोड़ा कम महसूस हुआ, रविवार को दिन चढ़ने के साथ तेज धूप खिल गई। इस धूप ने जैसलमेरवासियों को गर्म कपड़ों से मुक्ति दिला दी और लोगों ने हल्के कपड़े पहनकर ही दिन बिताया। दिन भर खिली धूप के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज हुआ। हालांकि, रात के न्यूनतम तापमान में भी सुधार हुआ है। तीन दिन पहले जो न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट (10 डिग्री से नीचे) पर आ गया था, वह अब बढ़कर 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के करीब बना हुआ है। सर्द हवाएं रुकने से रात की गलन भी कम हुई है। दिन में मिलती रहेगी सर्दी से राहत मौसम विभाग ने यह संभावना जताई है कि आगामी कुछ दिनों तक जैसलमेर में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। दिन में धूप और रात में हल्की ठंड के साथ लोगों को सर्दी से राहत मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *