बालोद| शासकीय नवीन महाविद्यालय बेलौदी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम पसौद में सात दिवसीय विशेष शिविर लगाया। द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ दिवस की शुरुआत प्रभात फेरी, योग एवं व्यायाम से की गई, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य एवं जागरूकता का संदेश दिया गया। इसके बाद परियोजना कार्य के तहत गांव की गलियों, चौक-चौराहों की साफ-सफाई कर स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रत्येक दिवस दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक बौद्धिक परिचर्चा हुई। जिसमें शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को जानकारी दी। पंचम दिवस में नियमित गतिविधियों के बाद ग्रामीणों एवं बच्चों के साथ खेल कार्यक्रम हुए। छठे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। एनएसएस जिला समन्वयक डॉ. लीना साहू, प्राचार्य डॉ. दीनदयाल दिल्लीवार, कार्यक्रम अधिकारी घनश्याम साहू उपस्थित थे।


